देहरादून में सनसनीखेज वारदात: दूल्हा मार्केट में युवती गुंजन श्रीवास्तव की गला रेतकर हत्या
देहरादून –बीते सोमवार को उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। शहर के व्यस्त दूल्हा मार्केट क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवती की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 23 वर्षीय गुंजन उर्फ गुन्नू श्रीवास्तव के रूप में हुई है।
यह ख़बर पढ़ें – हरिद्वार में स्कूल बस हादसा, मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय जब बाजार में आम लोगों की आवाजाही बनी हुई थी, तभी एक युवक ने अचानक गुंजन पर धारदार हथियार से हमला कर उसका गला रेत दिया। घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। खून से लथपथ युवती को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच पहले से जान-पहचान थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुराने विवाद की आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी मृतका पर लगातार दबाव बना रहा था, जिससे दोनों के बीच तनाव चल रहा था। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आरोपी से गहन पूछताछ जारी है।
बाजार में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद दूल्हा मार्केट और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने अपने शटर बंद कर दिए। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है और वे महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस जांच ज़ारी
यह ख़बर पढ़ें – राहुल गांधी के बयान से कोटद्वार मामले में सियासती रंग
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

One thought on “राजधानी में दिनदहाड़े कर दी युवती की हत्या”