चमोली —: जिले के नंदानगर क्षेत्र में भूस्खलन से हालात गंभीर हो गए हैं। रविवार को पुलपानी टोक क्षेत्र से शुरू हुआ भूस्खलन सीधे बैंड बाज़ार तक पहुँच गया, जिससे पूरे बाज़ार और आसपास के मकानों में दहशत फैल गई।
भूस्खलन की चपेट में आकर एक चार कमरों का मकान और चार गौशालाएं पूरी तरह ध्वस्त हो गईं। वहीं कई मकानों और खेतों में गहरी दरारें पड़ गईं। प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर 34 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, बैंड बाज़ार की करीब 25 दुकानें खतरे की ज़द में आ गई हैं। बाज़ार को फिलहाल बंद कर दिया गया है और आसपास के लोगों को सतर्क कर दिया गया है।
हाल ही में चमोली और आसपास के ज़िलों में सामान्य से कई गुना ज़्यादा बारिश दर्ज की गई है, जिसके चलते भूस्खलन और आपदा जैसी घटनाओं में लगातार इज़ाफ़ा हो रहा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की अपील की है।